फतेहपुर के एक कारोबारी की पत्नी व बेटा चार दिन से लापता हैं। उनके दोनों मोबाइल नंबर बंद हैं। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। शहर कोतवाली क्षेत्र के नासिरपीर मोहल्ला निवासी नरेश अवस्थी उर्फ विकास की सात साल पहले थरियांव के रामपुर की छाया देवी से शादी हुई थी।
एक बेटा श्रेयांश है। नरेश मेडिकल स्टोर संचालक हैं। नरेश ने पुलिस को बताया कि पत्नी 22 अक्तूबर को मकान मालकिन को कमरे को चाभी देकर गई थी। उसे बच्चे को स्कूल छोड़ना और दूसरे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के बाद घर लौटना था। वह दोपहर को घर खाना खाने पहुंचा। पत्नी को न देख मोबाइल नंबर मिलाया। एक बार पूरी घंटी जाने के बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। उसके बाद वह बच्चे को लेने स्कूल पहुंचा। स्कूल में बच्चे के न आने का पता लगा। तभी से उसे चिंता सताने लगी। पत्नी को अपनी सहेली की गोदभराई में जाना था। वह वहां भी नहीं पहुंची थी।
आसपास व रिश्तेदारों के घरों में तलाश किया। पता न लगने पर कोतवाली में तहरीर दी। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस न जाने क्यों उसे टरका रही है। उसकी पत्नी व बेटा के साथ किसी तरह की अनहोनी हो सकती है। कोतवाल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की खोजबीन कराई जा रही है।