केस्को की लापरवाही से एक और शहरी की मौत हो गई। परेड यतीमखाना रोड पर शुक्रवार शाम को बिना गार्डिंग (सहारा) के लगी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन टूट कर गिर गई। इसकी चपेट में आकर वहीं के स्क्रीन प्रिंटिंग दुकान के मालिक धू-धूकर जल गए। मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय दुकानदारों और इलाकाई लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। केस्को के किसी भी अफसर के मौके पर न आने से पब्लिक का आक्रोश ज्यादा बढ़ गया। कई थानों की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
डिप्टी पड़ाव निवासी अजय अग्रवाल की परेड यतीमखाना रोड पर आदर्श ट्रेडर्स नाम से स्क्रीन प्रिंटिंग की दुकान है। शाम करीब छह बजे ओवरहेड हाईटेंशन लाइन जमीन पर गिर गई। तार टूटने से वहां भगदड़ मच गई और राहगीर दूसरी लेन से आने जाने लगे। इसी दौरान अजय अग्रवाल और उनके भाई संजय दुकान के बाहर खड़ी अपनी स्कूटर वहां से हटाने के लिए निकले। इलाकाई लोगों ने ऐसा करने से रोका। संजय ने अपनी बाइक तो वहां से हटा ली लेकिन अजय ने अपनी स्कूटर जैसे ही खींची, उनका पैर टूटे तार पर पड़ गया और मौके पर ही जलकर उनकी मौत हो गई। उनके पूरे शरीर में आग लग गई। यह देख संजय भी बेहोश हो गया। उसे इलाज के लिए नर्सिंग होम ले जाया गया।
बाल बाल बची संजय की जान
अजय अग्रवाल के भाई संजय जब अपनी बाइक वहां से हटाकर अलग निकाल रहे थे तभी उनका पैर भी टूटी पड़े तार की चपेट में आने वाला था। यह देख बगल के दुकानदार आदित्य ने संजय को पकड़कर खींच लिया और वह बच गया।