कानपुर में कांशीराम कॉलोनी, सजारी निवासी राजकुमारी ने बाबूपुरवा कॉलोनी निवासी बीसी (बिजनेस कमेटी) संचालक लक्ष्मी नारायण राठौर पर कमेटी का लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
राजकुमारी ने बताया कि लक्ष्मी नारायण बीसी चलाता है। दर्जनों लोग उसके यहां बीसी डालते हैं। आरोप है कि समय सीमा पूरी होे जाने के बाद उन लोगों ने पैसे मांगे तो टालमटोल करने लगा। थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि कई और लोगों के पैसे हड़पने की बात सामने आई है। इन लोगों ने रसीद भी दिखाई है। सभी की जांच की जा रही है।
ये हुए ठगी के शिकार
सतबरी रोड निवासी लखन सिंह का एक लाख 20 हजार, बर्रा विश्वबैंक निवासी अर्जुन सिंह सेंगर का दो लाख, आजाद नगर निवासी धर्मेश सिंह चौहान का एक लाख 20 हजार, रानी सिंह के एक लाख 20 हजार, ओ ब्लॉक किदवईनगर निवासी आलोक कुमार के एक लाख 20 हजार, कॉशीराम कॉलोनी निवासी राजपाल के एक लाख 20 हजार, जूही हमीरपुर रोड निवासी हीरा लाल साहू के एक लाख 20 हजार, चंद्र नगर लाल बंगला निवासी मुकेश अग्रवाल के एक लाख 50 हजार, किदवईनगर निवासी रामऔतार के 84 हजार रुपये।
पैरवी में लगे रहे कई लोग
बीसी संचालक लक्ष्मी नारायण की गिरफ्तारी की खबर सुनकर सोमवार सुबह से ही थाने के बाहर पैरवी करने वालों की भीड़ लग गई। कई सफेदपोश नेताओं के फोन भी आए, लेकिन किसी की नहीं चली।