इटावा जिले में शाम के समय हुई करीब डेढ़ घंटे की बारिश में मैनपुरी अंडरपास में लगभग चार फीट पानी भरने से आवागमन बाधित हो गया। इस बीच सैफई आयुर्विज्ञान विवि के स्टाफ को लेकर इटावा वापस आ रही स्टाफ बस पानी में फंस गई। इससे बस में सवार 30 यात्रियों में खलबली मच गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बस को रस्सी से बांधकर जेसीबी से खींचते हुए निकाला गया।
इस बीच जिला प्रशासन की ओर से यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। बस फंसने की सूचना पर थाना सिविल लाइन पुलिस के साथ ही फायर ब्रिगेड, यातायात प्रभारी व नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने स्वयं पानी में घुसकर लोगों को बस में फंसे सभी स्टॉफ का रेस्क्यू कर बाहर निकाला। बस के फंसे होने की जानकारी मिलने पर एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव व एसडीएम सदर विक्रम राघव ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।