फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरुग्राम में तीन की डूबने से मौत: अरावली की पहाड़ी में गए थे आठ लड़के व तीन लड़कियां, गड्ढे में नहाने उतरे थे

Thu, 10 Jul 2025 08:53 PM IST
विकास कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

गुरुग्राम स्थित भोंडसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत अलीपुर गांव से लगती अरावली पहाड़ी में खदान के गड्ढे में भरे बरसाती पानी में डूबने से गुरुवार को तीन लड़कों की मौत हो गई है। 
विज्ञापन
बादशाहपुर स्थित निजी अस्पताल के बाद एकत्रित मृत लड़कों के परिजन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुरुग्राम स्थित भोंडसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत अलीपुर गांव से लगती अरावली पहाड़ी में खदान के गड्ढे में भरे बरसाती पानी में डूबने से गुरुवार को तीन लड़कों की मौत हो गई है। तीनों लड़कों की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों मृत लड़कों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

अरावली पहाड़ी गए थे आठ लड़के और तीन लड़कियां
भोंडसी गांव के अलग-अलग क्षेत्र में रहने वाले आठ लड़के और तीन लड़कियां गुरुवार की सुबह अलीपुर गांव के पास स्थित अरावली पहाड़ी में घूमने के लिए गए थे। सभी लड़के व लड़कियां अरावली में बनी खदान नंबर-5 के पास पहुंचे, यहां पर गड्ढे में बरसाती पानी भरा हुआ था। खदान के गड्ढे में भरे पानी में सुरजीत, आशीष व देवेंद्र सहित पांच लड़के नहाने के लिए उतर गए। 

पांच गए थे नहाने, दो बाहर आ गए
खदान के गड्ढे में भरा हुआ पानी काफी गहरा था। गड्ढे के पानी में सुरजीत, आशीष व देवेंद्र डूबने लगे। उनको देखकर दो लड़के पानी से बाहर निकल आए। इसके बाद अन्य लड़कों व लड़कियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों लड़कों को खदान के गड्ढे में भरे पानी से बाहर निकाला। 

इसी साल तीनों ने पास की थी 12वीं
तीनों की हालत काफी गंभीर होने के कारण उन्हें बादशाहपुर स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचाया तो डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक सुरजीत, आशीष व देवेंद्र मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इटावा के रहने वाले हैं। तीनों के परिवार वर्तमान में भोंडसी गांव में अलग-अलग स्थानों पर किराये पर रहते हैं। तीनों लड़कों ने इसी वर्ष 12वीं कक्षा पास की थी।
विज्ञापन

घूमने के लिए गए थे अरावली पहाड़ी
मृत लड़कों के दोस्त अरुण ने बताया कि वे सभी घूमने के लिए अलीपुर गांव के पास अरावली पहाड़ी पर गए थे। वहां पर खदान के गड्ढे में पानी भरा हुआ था और सभी किनारे खड़े होकर पानी को देख रहे थे। बारिश में भीग जाने के कारण पांच लड़के नहाने के लिए गड्ढे के पानी में उतर गए। पानी की गहराई व उसकी स्थिति का उन लड़कों को अंदाजा नहीं था। गड्ढे के दलदल होने के कारण सुरजीत, आशीष व देवेंद्र उसमें फंस गए और पानी में डूब गए। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मृत लड़कों के दोस्तों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया हैं। पुलिस अरावली पहाड़ी में बनी खदान नंबर-5 का निरीक्षण करके आगामी कार्रवाई करेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें