यूपी के उन्नाव जिले में उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर बरातियों से भरी बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बस में धुआं देख बरातियों में भगदड़ मच गई। हादसे के वक्त बस में करीब चालीस यात्री थे। बस में आग लगने से मार्ग पर कई किमी लंबा जाम लग गया। दमकल करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझा पाई। लेकिन तबतक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
बीघापुर थाना क्षेत्र के कुशलपुर गांव निवासी कल्लू सविता के बेटे रोहित की बरात प्राइवेट बस से पुरवा कोतवाली के छूलामऊ गांव जा रही थी। दूल्हा कार से था जबकि करीब 40 यात्री बस से जा रहे थे। रात कीरब 9 बजे बस उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर बहुराजमऊ गांव के पास पहुंची बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे बस में बैठे बरातियों में अफरातफरी मच गई। कोई दरवाजे से निकला तो कोई शीशा तोड़कर खिड़की से कूदकर भागा। बस में कुछ बच्चे भी थे।
बस की वायरिंग जलने से लगी आग
सूचना पर बीघापुर एसओ राजेंद्र राजावत व निंबई चौकी पुलिस पहुंची। हादसे के चलते मार्ग पर दोनों तरफ कई किमी लंबा जाम लग गया। जाम के कारण दमकल करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंच पाई। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। बरातियों में विनीत, राहुल, पोली, रामखेलावन, राजेश, अमित, रोहित, सुशील, अर्जुन, धनीराम ने बताया कि आचानक बस में धुआं भर गया। इससे दम घुटने लगा। लपटें उठीं तो चीख पुकार मच गई। जैसे तैसे बाहर निकल पाए।
बस चालक शहर के मोहल्ला एबी नगर निवासी विनोद ने बताया कि बस की वायरिंग जलने से डीजल की पाइप पिघल गई। इससे आग भड़क गई। एसओ राजेंद्र राजावत ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। बस मालिक का पता लगाया जा रहा है।