सुर्सी गांव, ककवन के बरेवा मोड़ पर रविवार रात बारातियों और बैंड-बाजा वालों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के नीचे और अंदर फंसे लोगों की चीख सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे। पुलिस को हादसे की सूचना दी।
एसडीएम दिलीप कुमार, सीओ बिल्हौर और ककवन थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों की मदद से घायलों को निकाल कर 12 लोगों को अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को कन्नौज मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है।
पुलिस हादसे की वजह तलाशने की कोशिश में जुटी है। झींझक (कानपुर देहात) के गोपालपुर गांव निवासी प्रताप वर्मा के बेटे की शादी ठठिया, कन्नौज के कंधईपुरवा गांव की एक युवती से रविवार को होनी थी। देर रात बारातियों और बैंड-बाजा वालों को लेकर बस ठठिया जा रही थी। ककवन और कन्नौज के बार्डर पर स्थित सुर्सी गांव में बरेवा मोड़ के पास अचानक चालक स्टेयरिंग से नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई।
बस में 40-45 लोग सवार थे। 12 घायलों को ककवन सीएचसी भेजा गया। जहां पिपरी डेरा जगदीशपुर, झींझक निवासी कमलनाथ (40) और अमरनाथ (45) को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि वीरेंद्र, सरवन, रमाकांत, विनोद और शेष नारायण को गंभीर हालत में कन्नौज मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।