प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पहला बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में शुरू होगा। इसमें बर्न रोगियों का इलाज होगा, साथ ही त्वचा और बाल प्रत्यारोपण, त्वचा की लेजर सर्जरी, टेढ़े-मेढ़े अंग दुरुस्त करने, चेहरे से गैर जरूरी रोम, धाग-धब्बे, मस्से आदि हटाने समेत विभिन्न सुविधाएं रोगियों को मिलने लगेंगी। नया विभाग इसी साल से शुरू हो जाएगा।
इसमें त्वचा बैंक का प्रस्ताव भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही सुपर स्पेशियलिटी एमसीएच की डिग्री भी मिलेगी। मंडल समेत आसपास के 17 जिलों के रोगियों को इससे लाभ मिलेगा। हैलट परिसर स्थित नए बर्न वार्ड भवन में प्लास्टिक सर्जरी विभाग चालू किया जाएगा। विभाग के लिए कुल 96 स्टाफ के पद शासन ने स्वीकृत कर दिए हैं। इसके अलावा प्लास्टिक सर्जरी में प्रोफेसर डॉ. प्रेम शंकर और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रशांत लूथरा पहले से नियुक्त हैं।