गांव सुजानपुर में गुरुवार की रात चोरों ने धावा बोलकर एक घर से बीस लाख रुपये के जेवर, नकदी पार कर दिया। घटना के समय घर वाले छत पर सो रहे थे। देर रात बूंदाबांदी होने पर जब नीचे आए तो नजारा देखकर सभी भौचक्के रह गए। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली शिवली के बाघपुर पुलिस चौकी के गांव सुजानपुर में बीती रात चोरों ने विक्रमादित्य मिश्रा (70) के घर पर धावा बोल दिया। विक्रमादित्य मिश्रा दूरसंचार विभाग से सेवानिवृत्त हैं।
गर्मी के चलते विक्रमादित्य पत्नी सिद्दन देवी, बहू प्रतिमा मिश्रा, बेटा प्रशांत और नातिन मेधावी को लेकर छत पर सोने चले गए। विक्रमादित्य मिश्रा ने बताया कि चोर किसी तरह से जीने से होकर घर के अंदर दाखिल हो गए।
इसके बाद कमरों में लगे ताले तोड़कर अलमारियों व बक्सों में रखा जेवर निकाल लिया। मकान बनवाने के लिए रखी करीब चार लाख की नकदी भी उठा ले गए। बेटे प्रशांत मिश्रा ने बताया कि रात में करीब 3.45 पर एकाएक बूंदाबांदी होने पर वह लोग नीचे उतरे तो नीचे का नजारा देखकर सन्न रह गए।
कमरों के दरवाजे खुले हुए थे। चोर सामने वाला मुख्य दरवाजा खोलकर भाग निकले थे। पुलिस सूचना पर पहुंची और बदमाशों की तलाश आसपास की। विक्रमादित्य मिश्रा ने थाना पुलिस को तहरीर देकर जल्द खुलासे की मांग की है। एसआई हंसराज ने कहा कि मामले को दर्ज कर जल्द खुलासा किया जाएगा।