एसटीएफ जवानों को दी श्रद्धांजलि
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट जिले की सीमा से लगे फतेहगंज थानाक्षेत्र के बघोलन में पहुंचकर बुन्देली सेना ने दस्यु ठोकिया के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गए एसटीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी। बुन्देली सेना ने मांग की कि बुधवार 22 जुलाई को प्रतिवर्ष पुलिस शहीदों को यथोचित सम्मान दिया जाय l शहीद स्थल को पेड़ पौधे लगाकर सुंदर बनाया जाए। साथ ही कानपुर के बिकरू गांव में भी शहीद स्थल बनाकर मारे गए पुलिस जवानों की शहादत को प्रतिवर्ष नमन किया जाए।
बुन्देली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि 22 जुलाई वर्ष 2007 को दस्यु ठोकिया ने घात लगाकर एसटीएफ जवानों पर धावा बोल दिया था। जिले की सीमा से सटे फतेहगंज थाना क्षेत्र के बघोलन में एसटीएफ के 7 कमांडो और एक ग्रामीण की मृत्यु हो गई थी।
शहीद एसटीएफ जवानों और ग्रामीण की याद में बघोलन में शहीद स्थल बनाया गया है। 22 जुलाई को हुई शहादत की पूर्व संध्या पर मंगलवार को बुन्देली सेना जिलाध्यक्ष ने शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। अजीत सिंह ने मांग की है कि 22 जुलाई को प्रतिवर्ष शहीद स्थल पर पुलिस के द्वारा श्रद्धांजलि का कार्यक्रम आयोजित किया जाए।
इसके अलावा रास्ते में बघोलन और बाण गंगा के दिशासूचक लगवाए जाने का भी अनुरोध प्रशासन से किया गया। साथ ही कानपुर के बिकरु गांव में शहीद हुए पुलिसकर्मियों की याद के लिए बिकरु गांव में शहीद स्थल बनवाये जाने की मांग मुख्यमंत्री से की गई है।