डेरापुर(कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के पबनइया गांव के पास हाईवे मोड़ पर जनपद औरैया से अकबरपुर जा रहा बाइक सवार डिवाइडर से टकरा गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक हेलमेट लगाने के बजाय बाइक में टांगे था। इस कारण हादसे के दौरान सिर में गंभीर चोट लगना मौत का कारण बना।
अकबरपुर कस्बा के कालीगंज मोहल्ला निवासी सलाउद्दीन का बेटा इकराम (27) जनपद औरैया में सराफा की दुकान किए था। सोमवार की शाम वह बाइक से औरैया से घर वापस जा रहा था। जब वह पबनइया गांव के पास हाईवे मोड़ पर पहुंचा। तभी पीछे से तेज रफ्तार से आए अज्ञात वाहन के हॉर्न की तेज आवाज से हड़बड़ा गया और बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे इकराम सड़क पर गिर गया और सिर में गंभीर चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर डेरापुर एसओ, चौकी प्रभारी शिवशंकर सिंह के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टर ने इकराम को मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर घर में कोहराम मच गया। पिता ने बताया कि बेटे की पिछले साल शादी हुई थी।
एसओ समीर कुमार सिंह ने बताया कि बाइक सवार की जिला अस्पताल में मौत होने की जानकारी मिली है। मृतक की जेब से कुछ आईडी व नगदी भी बरामद हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।