केंद्रीय रेल राज्यमंत्री सुरेश सी अंगड़ी ने शुक्रवार को कहा कि 2023 तक हावड़ा-दिल्ली रूट पर बुलेट ट्रेन दौड़ेगी। अंगड़ी दिल्ली से स्पेशल ट्रेन पर इटावा रेलवे स्टेशन पहुंचे। फिर सड़क मार्ग से भतौरा के पास बन रहे अधोगामी रेलवे पुल का निरीक्षण करने के लिए निकल गए।
रेल राज्य मंत्री ने कहा कि हावड़ा-दिल्ली रेलमार्ग मुख्य मार्गों में से एक है। फ्रेट कॉरिडोर चालू होने से इस मार्ग पर एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या में और अधिक इजाफा किया जाएगा। साथ ही इसके बनने से ट्रेनों की गति में भी इजाफ ा होगा। मालगाड़ियों के आवागमन में बढ़ोतरी होगी।
मालगाड़ियों को गंतव्य स्थान पर पहुंचने में भी समय की कम लगेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलेट ट्रेन का सपना देखा है। उस सपने को 2023 तक पूरा कर लिया जाएगा। भारत के प्रत्येक रेलमार्ग पर हमारे देशवासियों को बुलेट ट्रेन में यात्रा करने का सुनहरा मौका मिलेगा।
उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों को बधाई दी। पटरियों को बिछाने के काम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ रेल विभाग के डीआरएम अमिताभ, सदस्य बृजेश पांडेय, राकेश पांडेय, श्रवण कुमार सिंह, एमडी अंशुमान शर्मा, सीजीएम अतुल खरे, एएम इंफ्राटेक के प्रोजेक्ट मैनेजर सुरेंद्र श्रीवास्तव, कॉमर्शियल मैनेजर संचित त्यागी, सीनियर डीओएम मनुप्रकाश मौजूद रहे।
दिसंबर में न्यू भदान से मुगलसराय का ट्रैक होगा शुरू
फ्रेट कॉरिडोर पर गाजियाबाद से लेकर न्यू भदान तक ट्रेनों का आवागमन जारी है। दिसंबर तक इस रेल ट्रैक को पूरा कर लिया जाएगा। न्यू भदान से लेकर मुगलसराय तक का कार्य दिसंबर में पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके पूरा होने से दिल्ली हावड़ा रेलमार्ग पर ट्रेनों का आवागमन सुचारु रूप से जाएगा, ताकि यात्रियों को और अधिक सुविधा हासिल हो सकेगी।