यूपी के उन्नाव जिले में रविवार रात नौटंकी कार्यक्रम में जमकर बवाल हुआ। जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
यह घटना मौरावां थाना क्षेत्र के ईदाखेड़ा के मजरा पारा गांव की है। यहां रविवार रात नौटंकी कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। रात 11 बजे नौटंकी के मंच पर तीन डांसर थीं। इसी दौरान गांव के अमर सिंह पुत्र रामअधार यादव अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर स्टेज पर चढ़ गए और नृत्यांगनाओं पर रुपये लुटाने लगे।
इसी दौरान कार्यक्रम में धन्नीखेड़ा असोहा निवासी उनके चाचा रामविशुन यादव के दामाद कुलदीप पुत्र गोपी भी अवैध असलहा लेकर पहुंच गए और रुपये लुटाने लगे। रुपये लुटाने की होड़ में रामअधार का चचरे बहनोई कुलदीप से विवाद हो गया और दोनों ओर से आमने-सामने गोली चलने लगी।
करीब 10 राउंड चली गोली में अमर सिंह के हाथ व सिर, कुलदीप के हाथ में व कार्यक्रम में शामिल एक अन्य युवक हरिश्चंद पुत्र रामप्रसाद लोधी निवासी गालिबपुर के पेट में गोली जा धंसी। जिससे तीनों घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सीएचसी मौरावां पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक दोनों पक्षों से तहरीर नहीं मिली है। घटनास्थल पर मिली रामअधार की लाइसेंसी बंदूक व एक अवैध तमंचा कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।