घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीण व पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जिले में नहर में गिरने से इंटर की छात्रा की मौत के मामले में आक्रोशित लोगों ने नहर पुल पर धरना प्रदर्शन किया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने औरैया जौरा मार्ग जाम कर दिया। बताते चलें कि सहबदिया निवासी जय नरायन पाल की पुत्री बंधना की नहर में डूबकर मौत हो गई थी।
कई विद्यालय के छात्र धरने में शामिल हैं। जानकारी के अनुसार कई गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए हैं। जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। लोग प्रशासन द्वारा पुलिया के निस्तारण न करने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही से पुल पर लगातार हादसे हो रहे हैं। साथ ही प्रशासन पर झूठा आश्वाशन देकर मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने का आरोप है। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिया तोड़ना शुरू कर दिया है।
मामला बढ़ता देख सदर एसडीएम अनुपम शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। न मानने पर लोगों को जेल भेजने की बात कही। इससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया है।