गजना ग्राम प्रधान ममता कटियार के प्रतिनिधि शिवप्रकाश कटियार ने बताया कि गांव निवासी होरीलाल कुशवाहा (60) होली के दिन शुक्रवार की सुबह आठ बजे पूजा-अर्चना करके खेतों पर सिंचाई करने गए थे। तभी होरी लाल के ट्यूबवेल पर कई आवारा पशुओं को झुड फसल को खराब कर रहा था। आवारा पशुओं को उन्होंने भगाने का प्रयास किया तभी एक साड़ ने हमला कर दिया। साड़ के हमले से बुजुर्ग होरीलाल अपना बचाव नहीं कर सके और देखते ही देखते अपनी सींघ से कई बार उठाकर पटक दिया।
चीखपुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़े और जैसे-तैसे लाठी-डंडों से आवारा पशुओं को भगाया। बुजुर्ग को सीएचसी बिल्हौर लेकर आए। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। होली के दिन हुई घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं उत्तेजित ग्रामीणों ने घटना के बाद उक्त साड़ की घेराबंदी कर लाठियों से पीट-पीटकर उसे भी मार डाला।