दिबियापुर थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय बीच सड़क पर अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब देश की सीमा की रक्षा करने वाला एक बीएसएफ जवान अपनी ही पत्नी के साथ सरेराह गुत्थमगुत्था हो गया। अभी कुछ ही देर पहले पुलिस ने दोनों के बीच समझौता कराकर थाने से विदा किया था, लेकिन थाने के मुख्य गेट पर पहुंचते ही दोनों के बीच फिर से लात-घूंसे चलने लगे।
साले की शिकायत पर थाने पहुंचा था जवान
पंजाब के जलालाबाद में 158 बटालियन में तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवान का अपनी पत्नी के साथ काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा था। रविवार को घर पर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट की नौबत आ गई। इसके बाद जवान के साले ने स्थानीय दिबियापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी।
बीच सड़क पर लात-घूंसे और हाईवोल्टेज ड्रामा
पुलिस को लगा कि मामला शांत हो गया है, लेकिन असली ड्रामा तो अभी बाकी था। दोनों पक्ष जैसे ही थाने के मुख्य गेट पार कर सड़क पर पहुंचे, किसी पुरानी बात को लेकर पति-पत्नी में दोबारा तीखी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्ष मर्यादा भूलकर बीच बाजार एक-दूसरे पर टूट पड़े।
जवान के आरोप थाने के अंदर की गई बेरहमी से पिटाई
अस्पताल के बेड पर लेटे बीएसएफ जवान ने खुद का बचाव करते हुए दिबियापुर थाना पुलिस पर ही गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगा दिए। जवान का दावा है कि उसके शरीर पर जो चोटें आई हैं, वे गिरने से नहीं बल्कि पुलिस द्वारा थाने के अंदर की गई बेरहमी से पिटाई के कारण लगी हैं।