कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) से संबद्ध महाविद्यालयों की लापरवाही के कारण अब बीएससी कृषि और बीएड के विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम नहीं अटकेगा। निर्धारित समय-सीमा में पोर्टल पर आंतरिक मूल्यांकन के अंक अपलोड नहीं करने वाले कॉलेजों के विद्यार्थियों का परिणाम संबंधित लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर पूरा किया जाएगा। वहीं, लापरवाही बरतने वाले महाविद्यालयों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय से संबद्ध कई महाविद्यालयों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन के अंक समय से पोर्टल पर अपलोड नहीं किए। इससे विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम प्रभावित होने और इनके जारी होने में देरी की आशंका पैदा हो गई थी। इसको लेकर विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शिकायत भी की थी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने निर्णय लिया कि कॉलेजों की गलती के कारण विद्यार्थियों का परिणाम नहीं रोका जाएगा। संबंधित लिखित परीक्षा में उनके प्रदर्शन के आधार पर परिणाम पूर्ण किए जाएंगे, जिससे अनावश्यक लेटलतीफी से राहत मिल सकेगी। स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं करने वाले महाविद्यालयों के प्रति सख्ती बरती जाएगी।