पुलिस ने कुछ राहत की सांस ली
सूचना पर प्रभारी एसएसपी सत्यपाल सिंह, एसपी सिटी कपिल देव सिंह, सीओ जसवंतनगर कई थानों का फोर्स लेकर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों और आस पड़ोस के लोगों से पूछताछ की। पुलिस की सक्रियता को देखकर आसपास के गांवों से आए लोग देर रात घरों की ओर लौटने पर भीड़ कुछ कम हुई। तब पुलिस ने कुछ राहत की सांस ली।
घर से रखा दूर, भाई-बहनों से की गहनता से पूछताछ
घटना के बाद पहुंची पुलिस ने लोगों को घर के बाहर ही रोका। किसी को भी घर में प्रवेश नहीं दिया गया। प्रभारी एसएसपी सत्यपाल सिंह और एसपी सिटी कपिल देव सिंह ने अकेले में बुलाकर भाई-बहनों और माता पिता से अलग-अलग बातचीत की है। पुलिस कई पहलुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।
घर में घुसकर धारदार हथियार से काटा गला
प्रथम दृष्टया इस घटना में कोई करीबी शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं पुलिस तंत्र विद्या के लिए बलि देने के एंगल से भी जांच पड़ताल कर रही है। बता दें कि बहादुरपुर गांव में रविवार शाम दो मासूम बहनों की घर में घुसकर धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं
सूचना पर गांव समेत आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। एसपी सिटी, सीओ, थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। बलरई थाना क्षेत्र के गांव निवासी पशुपालक जयवीर के तीन पुत्रियां और चार पुत्र हैं। बड़ा बेटा अनुज (19) मुंबई में रहकर एक फैक्टरी में काम करता है।
खेतों पर घास काटने गए थे पति-पत्नी
बाकी जयवीर, उनकी पत्नी सुशीला देवी, तीन पुत्र सनोज (14), नंदकिशोर (12), कन्हैया (6) और बेटियां अंजली (18), सुरभि (7), रोशनी (6) गांव में रहते हैं। रविवार दोपहर में सनोज और नंदकिशोर बकरियों को चराने जंगल की ओर चले गए थे। पति-पत्नी खेतों पर घास काटने गए थे।
बकरियां चराकर खेत पर लौट आए
बड़ी बेटी अंजली और तीनों छोटे बच्चे कन्हैया, रोशनी और सुरभि घर पर ही थीं। शाम करीब पौने छह बजे अंजली कन्हैया को घर के बाहर गांव के बच्चों के साथ खेलता और दोनों छोटी बहनों को घर पर ही छोड़कर पास में ही स्थित खेत से चारे के गट्ठर लेने चली गई। इस बीच सनोज और नंदकिशोर भी बकरियां चराकर खेत पर लौट आए।
अलग-अलग कमरों में खून से लथपथ पड़ी थीं
वहां से तीनों साथ में ही घर आए, तो दोनों भाई हाथ मुंह धोने चले गए। वहीं अंजली छोटी बहनों को आवाज देकर ढूंढने लगी। आंगन में नहीं दिखने पर कमरे में गई, तो दोनों बहनें अलग-अलग कमरों में खून से लथपथ पड़ी थीं। यह देखकर उसकी चीख निकल गई। सूचना पर परिजनों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए।
आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बच्चियों की हत्या की गई है। घटनास्थल से पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जघन्य अपराध करने वालों को जल्द गिरफ्तार करके कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
फांवड़े से की हत्या, घर में टिनशेड से बरामद
मासूम बहनों की हत्या फांवड़ा से गर्दन काटकर की गई है। पुलिस की जांच पड़ताल में घर के आंगन में ही पड़े टिनशेड से एक फांवड़ा बरामद हुआ है। हालांकि वारदात को अंजाम देने वाले ने फांवड़े को पूरा साफ करके रख दिया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर फांवड़े को कब्जे में ले लिया है।