फोटो-23 पुलिस गिरफ्त में आरोपी प्रशांत व रजनेश। संवाद
फर्रुखाबाद/मोहम्मदाबाद। बहन से प्रेम विवाह करने की रंजिश में भाई ने दो चचेरे भाइयों के साथ युवक की हत्या कर शव नगला बहादुर के पास पांच जनवरी की रात रात फेंक दिया था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। घटना में प्रयुक्त कार व मफलर भी बरामद कर लिया है। फरार आरोपी को पुलिस तलाश कर रही है।
कमालगंज थानाक्षेत्र के गांव बलीपुर निवासी विक्रम वर्मा की हत्या कर शव मोहम्मदाबाद के गांव नगला बहादुर स्थित अंडरपास के निकट नगला चंपत जाने वाले मार्ग पर सोमवार रात फेंक दिया गया था। मंगलवार सुबह शव मिलने के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई थी। शाम को शव की शिनाख्त चाचा ने की थी। उसने पुलिस को बताया कि विक्रम के बड़े भाई विकास ने गांव के राजेंद्र की पुत्री संजू से प्रेम विवाह कर लिया था। इससे राजेंद्र के परिजन रंजिश मानने लगे। इसके चलते विकास व विक्रम सहित सभी परिजन हरियाणा के मानेसर में जाकर रहने लगे थे।
पिछले तीन माह से विक्रम गांव में था। इसके बाद से ही फिर दोनों पक्षों में तनातनी शुरू हो गई थी। पिता सर्वेश की तहरीर पर हत्या के मामले में पुलिस ने रजनेश, उसके चचेरे भाई प्रशांत उर्फ कल्लू व संकेत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। पुलिस ने हत्यारोपी रजनेश व प्रशांत उर्फ कल्लू को गांव बलीपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रजनेश व प्रशांत ने बताया कि विकास ने बहन से प्रेमविवाह किया था। तब से रंजिश चल रही थी। विकास ने कमालगंज थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। वह विकास को सबक सिखाने की फिराक में थे।
विकास परिवार के साथ हरियाणा चला गया था जबकि विक्रम गांव में रहकर उन लाेगों को चिढ़ाता था। पांच जनवरी को योजना के तहत कार में विक्रम को घुमाने के बहाने बैठा लिया था। दिन भर घुमाने के बाद रात होने पर कार के अंदर की विक्रम की मफलर से गला घोंटकर हत्या कर दी थी और नगला बहादुर अंडरपास के पास शव फेंक दिया था। एएसपी अरुण कुमार सिंह व सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना में प्रयुक्त औरा कार व मफलर बरामद कर लिया है। आरोपी संकेत की पुलिस तलाश कर रही है।