छह दिन पूर्व घर से भागी युवती को पुलिस ने पंजाब से बरामद कर लिया है। युवती ने पुलिस को बताया कि यदि वह भाग न जाती तो उसका भाई उसे मुरादाबाद में बेच देता। इससे पहले भाई ने उसे घर में बंद कर छह दिन तक भूखा रखा था।
कन्नौज के सौरिख इलाके से रविवार को ग्राम ईजलपुर निवासी युवती को पुलिस पंजाब से पकड़ कर लाई। 20 मार्च को युवती जनपद मैनपुरी के कस्बा करहल निवासी अपनी बहन के देवर के साथ चली गई थी। घर से जाने के बाद उसने कोर्ट मैरिज की।
इधर, भाई ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया था, जिस पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। जब पुलिस उसे लेकर थाने आई तो युवती ने आपबीती बताई।
उसका कहना था कि वह चार बहनें हैं, जिसमें एक बहन को उसका भाई बेच चुका है।
होली से पहले भाई ने मुरादाबाद के एक व्यक्ति से उसका सौदा तय कर लिया, जब उसे जानकारी हुई तो उसने विरोध किया। इस पर भाई ने उसे कमरे में बंद कर दिया और छह दिन तक भूखा रखा।
मजबूरी में अपनी बड़ी बहन के देवर के साथ कोर्ट मैरिज कर ली। थानाध्यक्ष संतोष कुमार व्यास ने बताया कि युवती से पूछताछ के बाद उसे बयान के लिए एसडीएम कोर्ट भेजा जाएगा। कोर्ट के आधार पर ही उसका भविष्य तय होगा।