भीतरगांव/घाटमपुर/पतारा। मंगलवार को भीतरगांव सीएचसी परिसर और नेवादा-भरथुवा गांव में 66 लोगों की जांच में पांच लोग पॉजिटिव पाए गए। इनमें सुंदरपुर गांव की एक गर्भवती और उसका पति भी शामिल है। गर्भवती को हैलट रेफर किया गया है। उधर घाटमपुर में सात और पतारा में दो संक्रमित मिले हैं।
नेवादा भरथुवा गांव में 34 में से दो सगे भाई पॉजिटिव पाए गए। पॉजिटिव मिलने पर दोनों भाई जबरन पॉजिटिव निकालने का आरोप लगाकर अभद्रता करने लगे। तब स्वास्थ्य टीम ने बिरहर पुलिस को सूचना दी तो दोनों भाई भाग गए। शाम तक इनका कोई अता-पता नहीं चला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाटमपुर के तहत 225 लोगों की जांच की गयी। जिसमें 7 केस पॉजिटिव पाए गए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कैलाशचंद्र ने बताया कि पावर प्लांट के सीआईएसएफ जवानों में चार व पावर प्लांट में कार्यदायी संस्था का कर्मचारी, स्योंदी तथा आशा नगर वार्ड में एक-एक संक्रमित मिले हैं। पतारा संवाद के मुताबिक ककरहिया गांव के परिषदीय विद्यालय में कैंप लगाकर 80 लोगों की एंटीजन जांच हुई। चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर नीरज सचान ने बताया कि दो लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें आइसोलेट कराकर उनके संपर्क में आए लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। टीम में संतोष कुमार, दीप्ति कटियार, अरविंद कुमार राजपूत, मुन्ना सिंह शिवनाथ ,सोनू सविता आदि स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।