यूपी के उन्नाव जिले में शनिवार रात पुरवा कोतवाली के लंगरपुर चौराहे के निकट हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियाें को मातम में बदल दिया। रविवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचे तो घर में कोहराम मच गया।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के गांव करौली निवासी कमल अपनी ममेरी बहन मनीषा व भांजा अनिकेत को शनिवार रात बाइक से बदलीखेड़ा गांव छोड़ने जा रहा था। पुरवा-उन्नाव मार्ग पर लंगरपुर चौराहे के निकट कार की टक्कर से हादसे में अनिल, मनीषा व भांजा अनिकेत की मौत हो गई थी। देर रात पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रविवार दोपहर बाद शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंच गए। वहीं पुलिस ने मृतक कमल के चाचा भगौती प्रसाद की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
सात दिन पहले ही दिल्ली से आया था कमल
कमल दिल्ली में एक पेट्रोलपंप पर नौकरी करता था। सात दिन पहले ही वह दिल्ली से घर आया था। परिजनों ने बताया कि कमल को दो दिन बाद वापस दिल्ली जाना था। भाई राहुल ने बताया कि कमल की शादी अचलगंज के लोहचा निवासी सोमवती से दो वर्ष पूर्व हुई थी। सोमवती का एक साल का बेटा भी है।
मनीषा की शादी 12 साल पहले बचरौली निवासी बच्चा के साथ हुई थी। बच्चा केरल में नौकरी करता है। शनिवार रात एकलौते बेटे व पत्नी की मौत की खबर मिलते ही बच्चा बेहाल हो गया। परिजनों ने बताया कि पत्नी व बेटे की मौत की खबर पर वह गांव के लिए केरल से निकल चुका है। बच्चा के घर पहुंचने के बाद मनीषा व बच्चे का अंतिम संस्कार किया जाएगा।