शराब पीकर बड़े भाई से गालीगलौज करने पर हुई मारपीट ने छोटे भाई की जान ले ली। वारदात के बाद मृतक की पत्नी ने जेठ व ससुर पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस हत्यारोपी भाई समेत तीन लोगों को पकड़कर पूछताछ कर रही है। घटना यूपी के फर्रुखाबाद जिले की है।
अजमतपुर में देव कुमार पुत्र शंभूदयाल अपने परिवार के साथ अलग रहता था। बुधवार को देव कुमार शराब पीकर पड़ोस में रहने वाले अपने बड़े भाई धर्मेंद्र कुमार से गालीगलौज करने लगा। मामला बढ़ने पर दोनों में मारपीट हो गई। झगड़े में देव कुमार की मौत हो गई। देव कुमार की पत्नी नीलम देवी ने पति की हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने को सूचना दी।
इस पर थाना मऊदरवाजा और रायपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद सीओ सिटी रामलखन सरोज भी आ गए। नीलम ने आरोप लगाया कि जेठ, ससुर और भांजे ने उसके पति के साथ मारपीट की। अंगौछे से गला कसकर हत्या कर दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देवकुमार का शव धर्मेंद्र जाटव के दरवाजे पर पड़ा था। पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र समेत तीन लोगों को पकड़ा। एसओ वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि तहरीर पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।