जसवंतनगर। चोरों ने कानपुर आगरा नेशनल हाईवे पर स्थित मलाजनी गांव के पंचायत घर का रविवार रात ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये का सामान पार कर दिया। पुलिस ने मौके पर जांच की है।
पंचायत सहायक सचिन कुमार ने बताया कि सोमवार को लगभग 9:50 बजे पंचायत घर पहुंचा तो बाहर के ताले सामान्य रूप से लगे हुए थे, लेकिन अंदर सभी कमरों के ताले टूटे थे। प्रधान लक्ष्मी नारायण और सचिव सुमित मौके पर पहुंचे। चोर कूलर किट, दो पंखे, प्रिंटर, लैपटॉप, बैटरी, इनवर्टर, सोलर प्लेटें, कैमरा डीवीआर, स्टेशनरी सामग्री, लाउडस्पीकर और कई जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गए हैं। प्रधान ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। ग्रामीणों ने पंचायत घर में सुरक्षा बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं विकास कार्यों को प्रभावित करती हैं और पुलिस को रात की गश्त भी बढ़ानी चाहिए।