कानपुर देहात के झींझक में बुधवार की रात इंजन का प्रेशर लीक होने के कारण अप की ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस 2:25 घंटे झींझक स्टेशन की लूप लाइन पर खड़ी रही। लोको पायलट के प्रेशर ठीक करने के बाद ट्रेन को रवाना किया जा सका।
बुधवार की रात दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर डिब्रूगढ़ से ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस दिल्ली की ओर जा रही थी। ट्रेन जैसे ही अंबियापुर-झींझक स्टेशन के बीच पहुंची, तभी इंजन का प्रेशर लीक हो गया और ट्रेन के ब्रेक जाम होने लगे।
लोको पायलट ने वाकी-टाकी पर सूचना स्टेशन मास्टर कार्यालय झींझक पुष्पेंद्र सिंह को दी। इसके बाद झींझक पहुंचने पर ट्रेन को रात 02:12 बजे अप की लूप लाइन पर रोक लिया गया। ट्रेन के लोको पायलट व गार्ड ने काफी मशक्कत के बाद लीक प्रेशर ठीक किया।
इसके बाद 04:37 बजे ट्रेन को रवाना किया गया। झींझक स्टेशन अधीक्षक वेद प्रकाश ने बताया कि इंजन का प्रेशर लीक होने के कारण स्टेशन की अप लूप लाइन पर ट्रेन को रोका गया था। प्रेशर ठीक होने के बात ट्रेन को रवाना कर दिया गया।