प्रेमिका के घर में घुसकर खुद को गोली से उड़ाया
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद जिले में प्रेमिका की शादी तय होने पर प्रेमी ने निकाह के एक दिन पूर्व प्रेमिका के घर में घुस कर खुद को गोली मारकर जान दे दी। सीओ और कोतवाल ने घटना की जांच की। पुलिस ने शव को मुर्दाघर में रखवा दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक पल्लेदार ने पुत्री की शादी कमालगंज के एक गांव में तय की है। गुरुवार को निकाह होना है। बुधवार को घर में निकाह की तैयारी चल रही थी। रात करीब आठ बजे एक युवक हाथ में तमंचा लेकर दौड़ता हुआ घर में घुस आया। जहां खाना बन रहा था वहां खड़े होकर तमंचे से अपनी कनपटी में गोली मार ली। सूचना पर चौकी प्रभारी यशपाल गौतम पुलिस बल के साथ पहुंचे और युवक को लोहिया अस्पताल लेकर आए। डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
सीओ रामलखन सरोज और शहर कोतवाल रवि श्रीवास्तव ने लोहिया अस्पताल पहुंच कर युवती के पिता व उसके भाई से पूछताछ की। उन्होंने युवक को पहचानने से इनकार कर दिया। पुलिस ने शिनाख्त कराई तो पता चला कि खुदकुशी करने वाले युवक का नाम गुलशेर उर्फ गुड्डू (25) था। वह मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के कटरी धर्मपुर का रहने वाला था। वर्तमान में वह युवती के मोहल्ले में किराये पर रहता था।
कोतवाल ने बताया कि अभी तक जांच में प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आया है। खुदकुशी करने वाला युवक गुलशेर जिस युवती से प्रेम करता था, उसकी शादी तय हो गई है। गुरुवार को उसका निकाह है। इसी कारण उसने प्रेमिका के घर में घुस कर खुदकुशी कर ली है।