पुखरायां। बरौर थाना क्षेत्र के फर्जाबाद गांव के बाहर खेत में युवती का शव मिला था। मामले में पुलिस ने जांच के बाद युवती के प्रेमी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। प्रेमी ने युवती की शादी तय होने पर उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है। एसपी केशव कुमार चौधरी ने वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
फर्जाबाद गांव के नरेंद्र के खेत में 17 मई को गांव के ही गंगाराम की पुत्री प्रीती देवी (19) का शव पड़ा मिला था। सूचना पर एएसपी घनश्याम चौरसिया और थाना प्रभारी श्रीकेश भारती ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर जांच पड़ताल की तो गले पर कसाव के निशान मिले थे। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। इसमें युवती की हत्या की बात सामने आई थी।
वारदात के खुलासे के लिए थाना पुलिस, सर्विलांस व स्वाट टीम को लगाया गया था। मामले में पुलिस ने दबिश देकर थाना मंगलपुर के मंगलापुर किशौरा गांव के धर्मेंद्र पाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सख्ती पर धर्मेंद्र ने हत्या की बात कबूल की। धर्मेंद्र ने बताया कि युवती से उसका प्रेम संबंध चल रहा था। युवती की शादी तय हो जाने के कारण वह नाराज था।
इस पर उसने युवती को गांव के बाहर बुलाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव खेत में छोड़कर वह भाग गया। धर्मेंद्र की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी ने थाना प्रभारी श्रीकेश भारती, उपनिरीक्षक रजनीश कुमार, स्वाट टीम प्रभारी प्रशांत गौतम, जय कुमार, सर्विलांस के ध्यानेंद्र सिंह, अजीत सिह सहित टीम के सदस्यों को 10 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।