यूपी के महोबा जिले में कोतवाली कुलपहाड़ के ग्राम चुरारी निवासी भोला उर्फ पुष्पेंद्र 23 पुत्र टीकाराम राजपूत का पनवाड़ी थाना क्षेत्र के मसूदपुरा निवासी रीना 19 पुत्री प्रेमसिंह राजपूत से तीन वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था लेकिन दोनों के परिजन इससे सहमत नही थे। डेढ़ वर्ष पूर्व भोला के परिजनों ने उसकी शादी ग्राम किल्हौवा में कर दी थी। लेकिन शादी के बाद से प्रेमी प्रेमिका परेशान रहने लगे।
मंगलवार की शाम रीना ग्राम चुरारी पहुंची और प्रेमी के साथ गांव के बाहर स्थित पहाड़ में पहुंच गए। जहां दोनों ने एक साथ मरने का फैसला किया और दोनों ने सल्फास खा ली। सल्फास खाने के बाद जब भोला की हालत बिगड़ने लगी तो उसने अपनी मां को फोन किया और प्रेेमिका के साथ जहर खाने की जानकारी दी। तब परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और पहाड़ी की ओर दौड़ पड़े।
पहाड़ के किनारे अचेत अवस्था में पड़े प्रेमी प्रेमिका को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कोतवाली कुलपहाड़ के प्रभारी शंकरलाल का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का सामने आ रहा है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस अधीक्षक एन कोलांची का कहना है कि दोनों का काफी दिनों से परिचय था। मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है।