घाटमपुर (कानपुर)। कोतवाली क्षेत्र के जहानाबाद रोड पर बुधवार की भोर वैन और ट्रक की टक्कर होने से वैन चालक का हाथ कट गया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से हैलट अस्पताल रेफर किया गया।
कसबा पतारा निवासी मंजीत सिंह उर्फ रुक्कू (25) वैन चालक है। बीते सोमवार की शाम वह अपने पड़ोस से बारात लेकर बिंदकी (फतेहपुर) गया था। मंगलवार की भोर पहर वैन लेकर वापस पतारा लौट रहा था। जैसे ही नौरंगा कस्बे के पास स्थित एक स्कूल के निकट पहुंचा तभी, सामने से ट्रक उसकी वैन में बगल से टक्कर मारता निकल गया। हादसे में वैन पर सवार अन्य लोग बाल-बाल बच गए। जबकि, वैन चालक मंजीत सिंह का दाहिना हाथ कट गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी घाटमपुर में भर्ती कराया जहां से उसे गंभीर हालत में हैलट अस्पताल (कानपुर) रेफर किया गया है।