अपहरण और हत्या की आशंका के बीच बुधवार को कांधनी निवासी युवक घर लौट आया तो परिजन खुश हो उठे। युवक ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह प्रेमिका के धोखा देने से परेशान था। इसलिए बिना बताए हरिद्वार गया था। वहां उसका पिंडदान करके उससे नाता तोड़ लिया।
कांधीन गांव निवासी अतुल राजपूत (22) सोमवार रात को पास के ही गांव आलमपुर हौज के एक गेस्ट हाउस में चल रहे शादी समारोह में शामिल होने की बात कहकर निकला था। देर रात तक वह न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। मंगलवार सुबह तक उसका कुछ पता नहीं चलने पर पिता धर्मेंद्र कुमार ने सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार शाम को परिजनों को जानकारी मिली कि अतुल को बलरई के गांव गोलापुर में गया था। वहां उसका टूटा हुआ मोबाइल और चप्पल मिलने का दावा करते हुए रात में लोहन्ना चौराहे पर जाम लगा दिया था।
उन्होंने अतुल का अपहरण करके हत्या करने की आशंका जताकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की थी। लगभग आधे घंटे तक परिजनों ने जाम लगाया था। सूचना पर सीओ रामगोपाल शर्मा ने गुमशुदगी के बाद अपहरण और हत्या में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट भी देर रात दर्ज करा दी थी। इसके बाद सुबह खुद ही अतुल घर पहुंच गया। उसे देखकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन थाने में सीओ सिटी ने युवक से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह अपनी प्रेमिका के धोखे से परेशान था। मिलने के लिए उसके गांव गया था, लेकिन उसने मिलने से इंकार कर दिया। इसके बाद वह परेशान होकर ट्रेन से हरिद्वार चला गया था। यहां माता रानी को प्रणाम करके माफी मांगी कि मैंने उसे परेशान किया। बताया कि उन्हें प्रणाम करके उसे मैं वहीं छोड़ आया।
युवक सुबह खुद ही लौट आाय। उसने बताया कि उसे प्रेमिका से धोखा मिला था। इससे परेशान होकर वह हरिद्वार चला गया था। परिजनों ने मंगलवार रात को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब मुकदमे को नियमानुसार खत्म कराया जाएगा। - रामगोपाल शर्मा, सीओ