जनपद महोबा के कुलपहाड़ स्टेशन के नजदीक एक किशोर ने घरेलू विवाद में ट्रेन से कटकर जान दे दी। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कस्बा कुलपहाड़ के मोहल्ला टौरियापुरा निवासी अजय कुमार (16) पुत्र मुन्ना रैकवार का घर पर अक्सर विवाद होता था। पिता द्वारा डांटने पर कई बार किशोर घर से भाग गया। शुक्रवार की रात अजय को परिजनों ने किसी बात को लेकर एक बार फिर डांट दिया। जिससे नाराज अजय ने कुलपहाड़ स्टेशन के समीप झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रेक पर ट्रेन से कटकर जान दे दी।
रात में किशोर के घर वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश की। तब स्टेशन के समीप किशोर के ट्रेन से कट जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल रहा। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।