बेहोश बालिका को अस्पताल ले जाते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
चोटी कटने की चर्चाओं के बीच गुरुवार की सुबह एक लड़के की चोटी कटने से सनसनी फैल गई। इस घटना के बाद 14 वर्षीय किशोर की बहन बेहोश हो गई। पास के गांव में एक और लड़की की चोटी कट गई। मामला यूपी के बांदा जिले का है।
बांदा परसित पुरवा (सिंहपुर) में 14 वर्षीय किशोर की सोते समय चोटी कट गई। जागते ही वह बेहोश हो गया। कुछ ही देर बाद उसकी बड़ी बहन भी बेहोश हो गई। उधर, अतर्रा के चकला गांव में एक युवती की सोते समय चोटी कट गई।
सीताशरण यादव (14) पुत्र रामसिया गुरुवार सुबह जागते ही बेहोश हो गया। घरवालों ने देखा कि उसकी चोटी कटी हुई थी। उसे तत्काल कर्वी जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। कुछ ही देर बाद दोपहर करीब 12 बजे उसकी 16 वर्षीय बहन गेंदा पढ़ाई करते समय अचानक बेहोश हो गई। उसे भी कर्वी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बिसंडा थानाध्यक्ष केपी दुबे ने बताया कि पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा गया है। दोनों भाई-बहनों की हालत ठीक है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि अफवाहें ज्यादा फैलाई जा रही हैं अब ये सब कुछ बर्दाश्त के बाहर होता जा रहा है। कहीं कोई भी सुराग मिला तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उधर बांदा अतर्रा थाना क्षेत्र के चकला गांव निवासी मोतीचरण यादव की 22 वर्षीय पुत्री ऊषा गुरुवार की रात मायके में सो रही थी। तभी बेहोश हो गई। बगल में लेटे छोटे भाई की आंख खुली तो ऊषा की चोटी कटी पड़ी थी और वह अचेत थी। परिजनों ने यूपी-100 को फोन किया। पुलिस ने गंभीर हालत में उसे सीएचसी में भर्ती कराया। होश न आने पर शाम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।