यूपी के चित्रकूट जिले में बीटीसी के छात्र ने बुधवार शाम फांसी लगा ली। वह किराये पर कमरा लेकर रह रहा था। मृतक की कुछ दिनों पहले ही शादी तय हुई थी लेकिन किसी कारणवश रिश्ता टूट गया था। खुदकुशी करने के पहले छात्र ने अपनी बहन से फोन पर बात की थी। युवक ने ऐसा दर्दनाक कदम क्यों उठाया अभी तक इस बात की जानकारी नहीं हो सकी है।
पहाड़ी थानाक्षेत्र के कलवारा खुर्द निवासी अजय कोटार्य पुत्र लखन दो साल से राजापुर के खटवारा में स्थित महाविद्यालय में बीटीसी कर रहा था। वह राजापुर थाने के पीछे किराए के कमरे में रहता था। थानाध्यक्ष गुलाब त्रिपाठी ने बताया कि छात्र ने कमरे में रस्सी से फंदा लगाकर खुदकुशी की है।
मौके पर पहुंची मृतक छात्र की बहन गुड़िया देवी ने बताया कि भाई अजय ने उसे दोपहर को फोन कर कमरे में खुदकुशी करने की बात कही थी। जिस पर उसने भाई को समझाया और तत्काल पहाड़ी से राजापुर के लिए आई। जब वह कमरे में पहुंची तो भाई खुदकुशी कर चुका था। पुलिस के अनुसार छात्र की शादी तय होने के बाद अज्ञात कारण से टूट गई थी जिससे वह क्षुब्ध रहता था।