कानपुर। सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस में मारपीट के मामले में अब दोनों कामर्शियल क्लर्क (सीसीटीसी) को हटाकर उन्हें बुकिंग और पार्सल कार्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की विभागीय जांच शुरू हो गई है। साथ ही पांचों पोर्टरों को निष्कासित कर दिया गया है।
लोको पायलट अशोक पांडेय व पांच पोर्टरों पर नकदी गायब करने, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में मंगलवार को मुकदमा दर्ज हुआ था। बुधवार को टीसी अनिकेत को बुकिंग कार्यालय में क्लर्क और सौम्य को पार्सल कार्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर लोको पायलट का निलंबन और टीसी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है।
सूरत से मुजफ्फरपुर जा रही ट्रेन में 26 जुलाई को महिला कोच में पुरुष के बैठे होने पर जांच करने आए सीसीटीसी अनिकेत श्रीवास्तव व सौम्य श्रीवास्तव के साथ मारपीट हो गई थी। जवाब में टीसी ने भी मारापीट की थी। इसका वीडियो भी वायल हुआ था।
दोनों टीसी को पार्सल व बुकिंग विभाग से संबद्ध कर विभागीय जांच शुरू करा दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-आशुतोष सिंह, निदेशक, सेंट्रल स्टेशन
मामले में टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-ओम नारायण सिंह, थाना प्रभारी, जीआरपी सेंट्रल स्टेशन