कानपुर में प्रेम और विश्वास पर टिके पति-पत्नी के रिश्ते ढलती उम्र के साथ मजबूत होने के बजाय कमजोर पड़ रहे हैं, जो टूटने की कगार तक पहुंच रहे हैं। यह हकीकत वन स्टाॅप सेंटर, परिवार परामर्श केंद्र और दारुलकजा में पहुंच रहे मामले बयां कर रहे हैं। यहां हर महीने आने वाले 100 से 200 मामलों में 10 से 15 फीसदी अर्जियां ऐसी हैं, जिनमें शिकायतकर्ताओं की उम्र 50 से ऊपर के हैं, जो एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर या अन्य कारणों के चलते तलाक लेना चाहते हैं।
वन स्टॉप सेंटर, जिला विधिक सेवा कार्यालय, लोक अदालत, परिवार परामर्श केंद्र और दारुलकजा में हर महीने दंपतियों के बीच मनमुटाव से संबंधित मामले आते हैं। इनमें 50 साल या इससे अधिक उम्र के लोगों की भी अर्जियां शामिल हैं, जो एक-दूसरे से अलग होना चाहते हैं। इनके कारण भी बड़े अजीब है। यह अर्जियों में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर, एक-दूसरे पर ध्यान न देना, बच्चे बड़े होने के बाद जिम्मेदारी से बरी होने का हवाला देकर तलाक दिलवाने की मांग करते हैं।