हरदोई जिले में पचदेवरा थाना क्षेत्र के अनंगपुर में एक पांच वर्षीय बच्ची का शव गांव के बीचों-बीच तालाब से बरामद हुआ है। बच्ची एक सप्ताह पूर्व घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। घटनास्थल पर एसपी नीरज कुमार जादौन भी पहुंचे थे और बच्ची की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए थे। शव बरामद होने की सूचना पर सीओ अनुज मिश्रा सहित कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पचदेवरा थाना क्षेत्र के अनंगपुर गांव निवासी भानू सिंह की पुत्री तान्या (5) बीती सात मार्च की शाम को घर के बाहर खेल रही थी। तान्या खेलते समय अचानक लापता हो गई, परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की पर कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद तान्या के पिता भानू सिंह ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। अगले दिन पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन और सीओ अनुज मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत की और स्थानीय पुलिस के साथ गांव के आसपास बच्ची को खोजा।