बकेवर। दोस्तों संग खेत गए सराफा व्यवसायी का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। हालांकि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
शिवनाथ सिंह निवासी गांव रमऊपुर ने बताया उनका बेटा सत्येंद्र कुमार (28) शुक्रवार शाम अपने दोस्तो के साथ खेतों पर गया था। जहां उसने दोस्तों के साथ बैठकर कोल्डड्रिंक पी। इसके बाद उसने दोस्तों से घर जाने की बात कही। वह देर शाम घर नही लौटा तो परिजन व गांव के लोग खोजते हुए खेतों पर पहुंचे। पेड़ पर गमछा से फंदे से लटकता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर बकेवर थानाध्यक्ष विपिन मलिक, बराउख चौकी इंचार्ज दयाशंकर वर्मा मौके पर पहुंचे। शव को उतरवाकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। शिवनाथ ने बताया कि तीन भाई में मझला था। वह कस्बा लखना में सर्राफ की दुकान चलाता था। थानाध्यक्ष बकेवर विपिन कुमार ने बताया मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है। सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।