जसवंतनगर। दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक रविवार सुबह बंगाल के युवक का शव मिला। आरपीएफ और पुलिस ने पहुंचकर जांच की। पुलिस ने युवक के ट्रेन से गिरने की आशंका जताई है। पुलिस ने परिजन को घटना की जानकारी दे दी है।
विज्ञापन
रविवार सुबह बलरई और भदान रेलवे स्टेशन के बीच डाउन लाइन पर एक युवक का शव पड़ा मिला। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन से आरपीएफ, बलरई थानाध्यक्ष दिवाकर सरोज टीम के साथ पहुंचे। तलाशी के दौरान युवक की जेब से एक क्षतिग्रस्त मोबाइल मिला। मोबाइल में डायल नंबरों के आधार पर परिजन से संपर्क किया गया।
इससे युवक की पहचान बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के कलियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदगांव माधवपुर निवासी जलालुद्दीन (20) के रूप में हुई। थानाध्यक्ष दिवाकर सरोज के मुताबिक, ट्रेन में यात्रा के दौरान युवक दरवाजे के पास खड़ा होगा। अनुमान है कि झपकी लगने के कारण वह ट्रेन से नीचे गिर पड़ा, इससे उसकी मौत हो गई।