चकरनगर। ग्राम लालपुरा के पास शुक्रवार दोपहर चंबल नदी में स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव बहता देखा। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर उसकी शिनाख्त की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंके जाने का अनुमान है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे थाना बिठौली क्षेत्र के ग्राम लालपुरा के पास चंबल नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बहता हुआ मिला। शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, युवक की उम्र करीब 40 साल के आसपास है। उसने सफेद बनियान और पीली शर्ट पहन रखी थी। दाहिने हाथ के अंगूठे के ऊपरी हिस्से पर ओम का चिह्न बना हुआ है। शव पूरी तरह से सड़ी-गली अवस्था में था, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मृत्यु को कई दिन बीत चुकें हैं।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि फिलहाल शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों और गुमशुदा शाखा को सूचना भेज दी गई है।