कानपुर। बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने गुरुवार को जिला कारागार का त्रैमासिक निरीक्षण किया। जिला जज चवन प्रकाश ने जेल में बंद जमानत प्राप्त विचाराधीन बंदियों की रिहाई के संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल, कैंटीन, पुरुष एवं महिला बैरक और कैदियों के पुनर्वास से जुड़े कार्यों को देखा।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने जॉब वर्क के तहत कैदियों की ओर से बनाई जा रही चुनरी का अवलोकन किया। अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति जानने के साथ ही जरूरतमंद कैदियों को जमानत में सहूलियत देने के लिए लीगल एड डिफेंस काउंसिल को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह को महिला कैदियों के साथ रह रहे बच्चों की पढ़ाई सुनिश्चित कराने को कहा।
जिला जज ने जिला कारागार में ओपन जिम का उद्घाटन भी किया। निरीक्षण के दौरान अपर जिला जज कमलेश कुमार मौर्य, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सूरज मिश्रा, न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीषा गुप्ता, डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयदीप, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी शिल्पी सिंह, जेल अधीक्षक बीडी पांडेय, जेलर अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।