पुखरायां। नगर स्थित डायट में गुरुवार को एसआईआर को लेकर पांच बूथों के शिविर लगाए गए। कैबिनेट मंत्री ने पहुंचकर बीएलओ से जानकारी ली। एसआईआर के नोटिस फार्म जो अधूरे हैं उनका कार्य पूर्ण कराने की हिदायत दी।
डायट में गुरुवार को बूथ संख्या 100, 101,102,103,104 बूथों के शिविर में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान और भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान पहुंची। बूथों के निरीक्षण के दौरान बीएलओ अरविंद पटेल, जितेंद्र कुमार, शीलम सचान, विकास यादव, अतुल पांडेय से एसआईआर नोटिस के विषय में जानकारी प्राप्त की। कहा कि एसआईआर नोटिस का जो भी कार्य अधूरा है उसे जल्द पूर्ण करें। जो लोगों की समस्याएं हैं उनका समाधान कराएं। ऐसा नहीं कि नोटिस जारी कर आप निश्चिंत हो गए कि जब आएंगे तक उनको संबंधित जानकारी देंगे।
नोटिस संबंधित मतदाता के परिवार के मुखिया या उसे स्वयं दें और जो भी कागज की जरूरत हो वह मांगे। उन्होंने कहा कि किसी को भटकाया न जाए। चुनाव आयोग की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करें। वर्ना लोग परेशान होते रहेंगे। एसडीएम देवेंद्र सिंह ने बताया कि 50 प्रतिशत से अधिक एसआईआर नोटिस का कार्य पूर्ण हो चुका है। अभी एक माह का समय है। समय से पूरा हो जाएगा। यहां लेखपाल सचिन कटियार, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि करुण शंकर दिवाकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रमोद त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।