कानपुर। वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूरे होने पर भाजपा कार्यकर्ता सात नवंबर को बीएनएसडी शिक्षा निकेतन बेनाझाबर परिसर में इसके सभी पांचों पदों का गायन करेंगे। इस संबंध में उत्तर और दक्षिण जिला इकाइयों की ओर से मंगलवार को अलग-अलग बैठक की गई।
उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने बताया कि पार्टी और विचार परिवार के लोग स्वदेशी परिधान पहनकर तिरंगा लेकर विद्यालय पहुंचेंगे। जिला मंत्री अनुपम मिश्रा को कार्यक्रम संयोजक बनाया गया है। बैठक में संतोष शुक्ला, जितेंद्र विश्वकर्मा, अनुराग शर्मा, रंजीता पाठक, सतेंद्र पांडेय, जन्मेजय सिंह, प्रमोद त्रिपाठी, आकाश शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे। दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। सभी को स्वदेशी उत्पाद अपनाने की शपथ दिलाई जाएगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा, बाइक रैली एवं प्रभात फेरी निकाली जाएगी। विधायक क्षेत्रों के स्कूल, कॉलेज, महाविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेजों में वंदे मातरम का गान कराएंगे। विद्यालयों में निबंध, चित्रकला एवं कविता प्रतियोगिता होगी। यहां गणेश शुक्ला, जसविंदर, मनीष त्रिपाठी सहित अन्य मौजूद रहे। (ब्यूरो)