बुंदेलखंड में फसल कटाई के मौसम में भाजपा ने वोटों की शानदार फसल काटी है। भाजपा के समर्थन में वोटों की आंधी ऐसी चली कि साइकिल, पंजा, हाथी सब उड़ गए। चुनावी इतिहास में पहली बार सभी 19 सीटों पर उसके वोटों की इतनी बढ़िया फसल उगी कि भाजपा नेता खुद हैरान हैं। मात्र एक सीट पर सिमटी भाजपा अब सभी 19 सीटों पर काबिज हो गई है। सपा को आठ, बसपा छह और कांग्रेस को अपनी सभी चार सीटों से हाथ धोना पड़ा है।
बुंदेलखंड में पिछले 2012 के चुनाव में सपा और बसपा को छह-छह, कांग्रेस को चार और भाजपा को तीन सीटें मिली थीं। बाद में हमीरपुर और चरखारी से चुनाव जीतीं भाजपा की साध्वी निरंजन ज्योति और उमा भारती लोकसभा चुनाव लड़ीं और जीत गईं। उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। इससे दोनों सीटों पर उप चुनाव हुए और सपा ने दोनों सीटें जीत लीं। निवर्तमान विधायकों में भाजपा के पास मात्र एक सीट झांसी की थी। सपा आठ, बसपा छह और कांग्रेस के पास चार सीटें थीं।
शनिवार को आए चुनाव परिणाम में इन सभी पर भाजपा का परचम लहराया है। गौरतलब है कि बुंदेलखंड में फाल्गुन माह में फसल कटाई शुरू हो जाती है। इन दिनों कटाई का काम जोरों पर है। इसी बीच चुनाव नतीजों ने वोटों की खेती को भी परवान चढ़ा दिया। इसमें भाजपा की बल्ले-बल्ले हो गई।