प्रदेश व क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ ही वर्तमान और कई पूर्व जिलाध्यक्षों सहित कुल 55 लोगों ने रविवार को भाजपा उत्तर इकाई जिलाध्यक्ष के लिए नामांकन किया। दोपहर से लेकर शाम तक चली इस प्रक्रिया गहमागहमी रही। चुनाव अधिकारी पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता और पर्यवेक्षक जयप्रकाश चतुर्वेदी ने एक-एक करके सभी दावेदारों से उनके आवेदन लिए। देर शाम इन सभी आवेदनों में आएं नामों में से पांच लोगों के नाम पर आम सहमति बनाने के लिए जिले से जुड़े जनप्रतिनिधियों से भी उनकी राय ली गई। सोमवार को यह पांच नाम प्रदेश इकाई को भेजा जाएगा।
इन पांच नामों में वर्तमान जिलाध्यक्ष दीपू पांडेय और निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील बजाज के अलावा तीन नाम और भेजे जाएंगे। आवेदन देने वालों में इस बार 24 ब्राह्मण, 13 महिलाएं, 3 ठाकुर, 6 ओबीसी, एक सिख और एक पंजाबी के अलावा एक मुस्लिम ने भी नामांकन किया है। पार्टी के उत्तर इकाई कार्यालय नवीन मार्केट में यह सभी आवेदन जमा किए गए। आवेदन करने वाले प्रमुख लोगों में दीपू पांडेय, सुनील बजाज, जगदीश तिवारी, प्रमोद त्रिपाठी, राम लखन रावत, मोहित पांडेय, अनूप अवस्थी, संतोष शुक्ला, दीपक सिंह, गुरविंदर सिंह छाबड़ा, सुनील साहू, प्रमोद विश्वकर्मा, अवधेश सोनकर, अनिल दीक्षित, नवाब सिंह, पूनम कपूर, नीना अवस्थी, सरोज सिंह, विनोद सोनकर सहित 55 लोग शामिल हैं।
प्रांतीय परिषद के लिए 14 नामांकन
इसी तरह प्रांतीय परिषद के लिए कुल 14 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। यह लोग प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में वोट डालने के लिए मान्य होंगे। चुनाव अधिकारी संगम लाल गुप्ता एवं पर्यवेक्षक जयप्रकाश चतुर्वेदी ने बताया कि संगठन पर्व के तहत सभी कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। बताया कि सभी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद नामांकन सूची प्रदेश कार्यालय में भेज दी जाएगी। प्रदेश नेतृत्व जल्द ही सभी नामों पर अंतिम निर्णय लेगा।