श्रमिकों की समस्याओं पर चर्चा, योजनाओं के लाभ की मांग
अपर श्रम आयुक्त समीम अख्तर को सौंपे गए ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र के असंगठित व संगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण से जुड़े अहम मुद्दों को प्रमुखता से रेखांकित किया। प्रदेश संयोजक भूपेश अवस्थी और क्षेत्रीय संयोजक अनिल त्रिपाठी ने अधिकारियों का ध्यान श्रम विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र श्रमिकों तक समय से पहुँचाने की ओर आकृष्ट कराया। उन्होंने मांग की कि पंजीयन प्रक्रिया को और सरल बनाया जाए ताकि अधिक से अधिक मजदूर लाभान्वित हो सकें।
अधिकारियों ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन
भाजपा श्रम प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों की बात को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद अपर श्रम आयुक्त समीम अख्तर ने ज्ञापन में दिए गए बिंदुओं पर संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विभाग श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा और उन्हें विभागीय योजनाओं का पूर्ण लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर भाजपा श्रम प्रकोष्ठ के कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।