भाजपा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की जारी हुई सूची में कानपुर से चार और पूर्व मंडल से कुल 6 लोगों को जगह मिली है। इसमें कुछ लोगों का पद बढ़ाया गया है तो कुछ को पद से हटाया गया है।
आर्य नगर विधानसभा के पूर्व विधायक सलिल विश्नोई जो अभी तक प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश महामंत्री की भूमिका निभा रहे थे अब उनका ओहदा बढ़ाकर उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष बना दिया गया।
इसी तरह भाजपा की महिला इकाई की राष्ट्रीय पदाधिकारी रह चुकी कमलावती सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष और अभी तक प्रदेश मंत्री रहे प्रकाश पाल को भी प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
देवेश कोरी को पहले की तरह प्रदेश मंत्री की भूमिका में ही रखा गया है। चित्रकूट के अशोक जाटव जो अभी तक क्षेत्रीय मंत्री थे उन्हें प्रदेश मंत्री बनाया गया है।
इसके अलावा अभी तक प्रदेश मंत्री की भूमिका में रहे कन्नौज के सांसद सुब्रत पाठक को पदोन्नति देकर प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बनाई गई नीलिमा कटियार से संगठन में प्रदेश महामंत्री की भूमिका वापस ले ली गई है।
कार्यकारिणी में जो भी पदाधिकारी बनाए गए हैं, उनमें सभी जातियों का समन्वय रखा गया है। ब्राह्मण, ठाकुर, वैश्य, पिछड़ा और अनुसूचित सभी जातियों की भूमिका है। इतना जरूर है कि पिछली काई में महानगर से प्रदेश कार्यकारिणी में दो-दो प्रदेश महामंत्री थे और इस बार कोई भी नहीं है।