फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: भाजपा एमएलसी को सपा विधायक के क्षेत्र की सड़कों की चिंता

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। भाजपा एमएलसी सलिल विश्नोई ने सोमवार को सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के विधानसभा क्षेत्र आर्यनगर की जर्जर सड़कों का मुद्दा विधान परिषद में उठाया। यह सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। इस पर अमिताभ ने भी कड़ी प्रतिक्रिया जताई है।
विज्ञापन

गुरुदेव पैलेस के पीछे सिविल लाइन इलाके में रहने वाले भाजपा एमएलसी ने विधान परिषद में सवाल उठाया। कहा कि आर्यनगर क्षेत्र में केस्को ने बिजली के भूमिगत तार बिछाने के लिए सड़कों के साथ पतली गलियां भी काटीं। लोगों के आपत्ति करने पर कहा- हमने मरम्मत के लिए पैसा नगर निगम को दे दिया है। नगर निगम की ओर से भी कोई साफ जवाब नहीं मिलता है। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र प्रदेश का एक बड़ा व्यापारी केंद्र है। सड़कें जर्जर और बदहाल होने से व्यापार प्रभावित हो रहा है। इसके चलते जीएसटी कम जमा होगा। उन्होंने बताया कि हमारे सवाल के जवाब में नगर विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा है कि हम दिखवाएंगे कि सड़कों और गलियों की मरम्मत क्यों नहीं हुई। समस्या का समाधान जल्द कराया जाएगा।

इंसेट
सपा विधायक का सारा ध्यान अल्पसंख्यक क्षेत्रों पर
भाजपा एमएलसी सलिल विश्नोई ने कहा कि सपा विधायक अमिताभ बाजपेई यदि ध्यान दे रहे होते तो समस्या का समाधान पहले ही हो जाता। उनका सारा ध्यान अल्पसंख्यक क्षेत्रों पर रहता है, बहुसंख्यक क्षेत्रों की लगातार अनदेखी करते रहते हैं। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र में हम लगभग डेढ़ से दो करोड़ रुपये की सड़कें बनवा चुके हैं। वहां हमने सीवर लाइन भी डलवाई हैं।
विज्ञापन


इंसेट
यह बस चर्चा में रहने की कवायद
सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि प्रदेश में 10 साल से भाजपा की सरकार है और अभी भी चिंता कायम है। सलिल 15 साल एमएलए रहे और छह साल से एमएलसी हैं। 2027 के चुनाव में जनता भाजपा को प्रदेश की सत्ता से हटाकर सारी चिंताएं दूर कर देगी। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के जन-जन की समस्या पर हमारा ध्यान है और हम लगातार काम कर रहे हैं। अब वह टिकट लेकर चुनाव लड़ने की स्थिति में नहीं हैं। इसलिए चाहते हैं कि चर्चा में रहकर पुन: एमएलसी बन जाएं।


एमएलसी अरुण ने बंदरों और कुत्तों के आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग की
कानपुर। भाजपा एमएलसी अरुण पाठक ने प्रदेश में मानव-वन्य जीव संघर्ष और बंदरों के हमले व आवारा कुत्तों के काटने का मुद्दा भी विधान परिषद में उठाया। उन्होंने कानपुर नगर, अलीगढ़ सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बंदरों और आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर गंभीर चिंता व्यक्त की। प्रदेश सरकार से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। प्रदेश सरकार की ओर से बताया गया कि 17 नगर निगमों में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से आवारा कुत्तों को पकड़कर उनका बंध्याकरण, टीकाकरण और उपचार कराया जा रहा है। बंदरों से संबंधित मानव-वन्य जीव संघर्ष की घटनाओं के समाधान के लिए एक समिति का गठन किया गया है।

एमएलए सुरेंद्र ने कम चौड़ी सड़क वाले भवन स्वामियों की समस्या उठाई
कानपुर। गोविंदनगर के भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात की। विधायक ने कानपुर विकास प्राधिकरण से जुड़ी जनसमस्या पर मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर स्थायी समाधान की मांग की। विधायक ने कहा कि कानपुर में जिन क्षेत्रों या कॉलोनियों में सड़कों की चौड़ाई नौ मीटर से कम है वहां भवनों के मानचित्र और विभाजन की स्वीकृति नहीं मिल पा रही है। इससे धनकुट्टी, जनरलगंज, लाटूश रोड, काहू कोठी, कलेक्टरगंज, बादशाहीनाका, लोहा मंडी, कुली बाजार, नई सड़क, बिरहाना रोड, शक्कर पट्टी, नयागंज सहित 50 से ज्यादा क्षेत्र की लगभग 20 लाख आबादी प्रभावित है। लोग अपना मकान मानचित्र स्वीकृत के आधार पर नहीं बना पा रहे हैं। यह प्रकरण पहले भी विभिन्न सक्षम अधिकारियों और विभागों के समक्ष विचाराधीन रहा है। अधिकारियों द्वारा समस्या की गंभीरता स्वीकार करने के बावजूद अब तक कोई व्यावहारिक और स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका है, जिससे जनसामान्य में आक्रोश और असंतोष की स्थिति है। विधायक ने बताया कि उनकी मांग पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें