घटना यूपी के उन्नाव जिले की है। जहां बांगरमऊ विधानसभा से बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के भाई अतुल सेंगर पर मारपीट के साथ ही कई अन्य आरोप भी लगे हैं। इस घटना में विधायक के भाई का नाम आने से जिले में सनसनी का माहौल है।
ग्राम पंचायत माखी के मोहल्ला सरांय थोक निवासी टिंकू सिंह पक्ष के लोगों और इसी गांव के सुरेंद्र सिंह उर्फ पप्पू के बीच मंगलवार देर शाम विवाद के बाद मारपीट हुई थी। टिंकू सिंह की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार शाम करीब छह बजे साथी सुमन सिंह ने फोन कर सूचना दी कि सुरेंद्र उर्फ पप्पू सिंह गाली गलौज कर रहा है। इस पर गांव के ही विनीत मिश्रा, बउवा, शैलू और सोनू के साथ पहुंचा। आरोप है कि गाली देने से मना करने पर सुरेंद्र सिंह ने जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचा तान दिया।
उसे तमंचा सहित दबोचकर थाने लेकर पहुंचा। यहां रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना के बाद पीड़ित सुरेंद्र सिंह ने इसी गांव के भाजपा विधायक के भाई के अपहरण और दुष्कर्म के मुकदमे में सुलह न करने पर बंधक बनाकर पुलिस की मौजूदगी में मारपीट किए जाने के बाद भी उसी पर मुकदमा दर्ज करने की बात कही। विधायक के भाई का नाम आने से मारपीट का मामला सुर्खियों में आ गया। सुरेंद्र सिंह की पत्नी आशा सिंह ने डीएम रवि कुमार एनजी और आईजी से भी शिकायत की।
बुधवार को आशा सिंह की तहरीर पर पुलिस ने विनीत मिश्रा, बउवा, शैलू, सोनू व उनके अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। एसपी पुष्पांजलि ने बताया कि सुरेंद्र सिंह के आरोप पुष्ट नहीं हैं। माखी एसओ जांच कर रहे हैं। माखी एसओ अशोक सिंह ने बताया कि मामला मारपीट का है। दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है। पिटाई से घायल सुरेंद्र सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पत्नी का आरोप, मुकदमे में सुलह न करने पर पीटा
सुरेंद्र सिंह की पत्नी आशा सिंह का आरोप है कि पति दिल्ली में रहते हैं। किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म का मुकदमा अदालत के आदेश पर दर्ज कराया था। उसी मुकदमे की पेशी के लिए वह दिल्ली से आए थे। मंगलवार को पेशी के बाद गांव लौट रहे थे। घर के बाहर मुकदमे में सुलह का दबाव बना रहे लोगों ने खींच लिया। इन्होंने बेरहमी से पीटा। बचाव करने में उसे, सास किशोरी, बेटी सोनाली, पायल और मुस्कान को भी चोर्टें आईं।
बदनाम करने के लिए बेवजह खींचा जा रहा नाम
भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का कहना है कि छोटे भाई का इस घटना में बेवजह नाम खींचा जा रहा है। रिपोर्ट दर्ज कराने वाला टिंकू सिंह आरोपी सुरेंद्र सिंह का चचेरा भाई है। नशेबाजी और आपसी मारपीट का मामला है। कुछ लोग बदनाम करने की नीयत से भाई का नाम खींच रहे हैं।