यूपी के कन्नौज में नहर में कूदकर आत्महत्या करने आई महिला को बचाने के बाद रोड पर लगी भीड़ को हटाने के दौरान सिपाहियों का बाइक सवार युवकों से विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद सिपाहियों और युवकों के बीच मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवकों को हिरासत में ले लिया। जिन्हें छुड़ाने और सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा विधायक थाने में कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए।
इंदरगढ़ थानाक्षेत्र के कस्बा हसेरन में विधूना रोड पर नहर किनारे नहर में कूदकर जान देने का प्रयास करती महिला को राहगीरों ने पकड़ लिया और उससे पूछताछ करने लगे। इसी दौरान पड़ोस के जोगनीपुरवा गांव में रहने वाले सोनू और पंकज व मुलायम पहुंच गए और बाइक को बीच रोड पर खड़ा कर मामले की जानकारी करने लगे। मामले की सूचना पर पहुंचे हसेरन चौकी के सिपाही नंदलाल और सुमित पहुंच गए। सिपाहियों ने रोड पर खड़ी बाइक को हटाने को कहा। इसी बात को लेकर सोनू और पंकज व मुलायम की सिपाहियों से कहासुनी के बाद गाली-गलौज हो गई। मामला बढ़ने पर मारपीट हो गई। सिपाहियों से मारपीट की जानकारी मिलते ही इंदरगढ़ थाना पुलिस पहुंच गई और सोनू व पंकज और मुलायम को पकड़कर थाने ले गए थाना इंदरगढ़ ले गए।
पुलिस हिरासत में आए युवकों के पक्ष में भाजपा विधायक कैलाश राजपूत कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंच गए और युवकों को छुड़ाने व सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। मामले की जानकारी मिलते ही सैकड़ों कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। उधर, एसपी के निर्देश पर थाना सौरिख प्रभारी राजकुमार और ठठिया थाना प्रभारी अमरपाल सिंह व तिर्वा कोतवाल आमोद कुमार भी पुलिस बल के साथ थाना इंदरगढ़ में पहुंच गए। अपर पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।