उन्नाव के बाहुबली विधायक कुलदीप प्रकरण से जुड़े सीबीआई के 18 साक्षियों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। सीबीआई ने जिला प्रशासन को सूची सौंप दी है। जिला प्रशासन जल्द ही सभी को गनर उपलब्ध कराएगा।
विधायक प्रकरण में पीड़िता व उसके परिवार की सुरक्षा में हुई चूक पर उच्चतम न्यायालय ने सख्ती दिखाई थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पीड़िता के परिवार, मुकदमे में पैरवी कर रहे अधिवक्ता व दो प्रमुख गवाहों को सीआरपीएफ की सुरक्षा उपलब्ध कराई जा चुकी है।
इसके अलावा सीबीआई ने 18 और लोगों की सूची तैयार की है जिन्हें सुरक्षा की जरूरत है। सीबीआई की ओर से तैयार की गई सूची में विधायक के गांव के 15 ऐसे लोग शामिल हैं जो मुकदमे में गवाह हैं।
साथ ही कुछ ऐसे लोगों को शामिल किया गया है जिनसे सीबीआई ने कई चरणों में पूछताछ की थी। सीबीआई की सूची में शहर के दो अधिवक्ता, एक पत्रकार का नाम भी शामिल है। इन लोगों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्रशासन ने शुरू कर दी है।